चायल। पिपरी इलाके के करीब छह यमुना घाटों पर बालू का अवैध खनन हो रहा है। इसका वीडियो वायरल होने पर प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम चायल ने खान अधिकारी के साथ छापा मारा। मौके पर अवैध खनन के साक्ष्य मिलने पर खान अधिकारी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
चायल तहसील क्षेत्र के सेवढ़ा, औंधन, ब्यूर, शेरगढ़, नसीरपुर आदि गांव यमुना नदी के किनारे हैं। बताया जाता है किइन गांवों में सक्रिय कारोबारी नदी से बालू की अवैध निकासी कर रहे हैं। हफ्ते भर से अवैध रास्ता बनाकर नसीरपुर गांव स्थित यमुना घाट से किए जा रहे बालू खनन का एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ। इस पर प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम चायल मनीष यादव ने बृहस्पतिवार को खान अधिकारी एके पांडेय व पुलिस फोर्स के साथ नसीरपुर घाट का निरीक्षण किया।
अफसरों की छापेमारी की जानकारी लगते ही कारोबारी बालू समेटकर भाग गए। मौके पर सिर्फ अवैध खनन के साक्ष्य मिले। इस पर खान अधिकारी ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ बालू का अवैध खनन करने की तहरीर दी। केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।