प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रविवार को उदयन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए भूमि जल्द चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
मंत्री ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समय से निस्तारण करने और सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को बैंक से ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि खराब ट्रांसफाॅर्मरों को समय पर बदला जाए और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्यों के सापेक्ष 100 प्रतिशत प्रगति लाने को कहा। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने और लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने बताया कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पदयात्रा समेत कई कार्यक्रम होंगे, जिनकी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।