भवंस मेहता भरवारी में पीएम की जनसभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसपीजी व आईबी के अफसर
- फोटो : kaushambi
भवंस मेहता कॉलेज में एक मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी सभा संबोधित करने आएंगे। इससे पहले रविवार को एसपीजी और आईबी की टीम ने जनसभा स्थल का दौरा कर तैयारी का जायजा लिया। खुफिया टीम ने सुरक्षा से जुड़े कुछ अहम मुद्दों पर जिले के अफसरों के साथ चर्चा की।
भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में एक मई को पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। भवंस मेहता कॉलेज में मंच और हेलीपैड बनाने का काम जोरों पर चल रहा है। इसे लेकर एसपीजी और आईबी की टीम ने जिले में डेरा डाल दिया है। रविवार को एसपीजी और आईबी के अफसरों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। एक-एक पहलू पर बारीकी से चेकिंग की गई । सुरक्षा से जुड़े कुछ मुद्दों पर उन्होंने जिला प्रशासन के साथ वार्ता भी की। इस दौरान डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसपी प्रदीप गुप्ता, एसपी इंटेलीजेंस अजीत सिन्हा आदि पुलिस प्रशासन के अफसर भी मौजूद रहे। टीम को जो कमी नजर आई उसे सही कराने के लिए जिले के अफसरों को निर्देशित किया।