पिता की तेरहवीं में गया था गृहस्वामी, घर खंगाल ले गए चोर
- भरवारी कस्बे के मेहता डिग्री कॉलेज के पास हुई घटना
फोटो- 18
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। मेहता रोड निवासी एक शख्स के सूने घर का ताला तोड़ कर चोर नकदी-जेवरात समेत लाखों का माल समेट ले गए। गृहस्वामी अपने पिता की तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गांव गया था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
नगर पालिका भरवारी के मेहता डिग्री कॉलेज के पास सुरेश चंद्र तिवारी घर बनाकर परिवार सहित रहते हैं। 18 फरवरी को उनके पिता का निधन हो गया था। परिवार के लोग इसे लेकर पहले ही गांव चले गए थे। तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए शुक्रवार को वह घर में ताला बंद कर परिवार सहित अपने पैतृक गांव करारी कोतवाली के शुक्लन का पुरवा गया था। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि उनके घर के छत का दरवाजा खुला हुआ है। इस पर फोन करके सुरेश को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे सुरेश ने दरवाजा खोला तो कमरे का सारा समान बिखरा था। चोर ताला तोड़ कर अंदर रखे बाक्स और अलमारी से एक लाख 10 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख का गहना समेट ले गए थे।। घटना की जानकारी पर पुलिस ने आकर छानबीन की। इंस्पेक्टर कोखराज इंद्रदेव का कहना है कि तहरीर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।