जिला पंचायत के वार्ड नंबर 27 के सदस्य राज गौतम की कार में फायरिंग कर जानलेवा हमले के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि आरोपी के साथ रहा बाइक सवार युवक फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ लूट, जानलेवा हमले जैसे पूर्व में 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल रखी है।
जिपं सदस्य राज गौतम मंगलवार को अपनी कार से साथी संदीप के साथ दवा लेने तिल्हापुर मोड़ गए थे। वापस लौटते वक्त अमिरसा गांव के पास पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने चालक साइड की खिड़की में लगे शीशे पर गोली चला दी थी। सीट पीछे की तरफ होने से वह बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद बाइक सवार भाग निकले। कार की रोशनी में उन्होंने फायरिंग करने वाले बदमाश को पहचान लिया। वह कोटिया गांव का हिस्ट्रीशीटर संदीप पाल था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सरायअकिल विनीत सिंह ने बताया कि संदीप को शुक्रवार सुबह कोटिया गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ 17 मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं। वह कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। संदीप के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान न्यायालय भेजा गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।