सीएमओ कार्यालय में डिप्टी सीएमओ को अपनी मांगो का ज्ञापन सौंपते स्वास्थ्य कर्मी। स्रोत: स्वयं
मंझनपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील सिंह को सौंपा। इसका नेतृत्व संघ के प्रयागराज मंडल अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने किया।
इससे पहले मुख्यालय में बैठक की गई। इसके बाद संघ के तमाम लोग सीएमओ कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए मंडल अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए संविदा कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य के लिए मंहगाई भत्ता और ईपीएफ लाभ दें। दिसंबर 2024 से लंबित स्थानान्तरण पर लगी रोक को बहाल किया जाए और रिक्त पदों पर भी ट्रांसफर नीति को लागू किया जाए।
एमसीटीएस और एचएमआईएस डाटा ऑपरेटर को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित किया जाए। एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए भी एचआरए की सुविधा को लागू किया जाए। एनएचएम में सात, दस, 15 और 20 वर्ष की सेवा दे चुके संविदा कर्मचारियों को अतिरिक्त लॉयल्टी बोनस दिया जाए।
एनएचएम के तहत कार्यरत सभी संविदा कर्मचारियों व उनके परिवार को स्वास्थ्य बीमा कराए जाने की व्यवस्था को लागू किया जाए। साथ ही पीएम मातृ वंदन योजना का चार साल से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान जल्द किया जाए। इस मौके पर महामंत्री जितेंद्र सिंह परमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ओपी राव, डीसीपीएम संजय कुमार, डॉ. संदीप कुमार, शिवली राजा, अजय विश्वकर्मा, मणि शंकर माथुर और देव यादव आदि मौजूद रहे।