सिराथू विधायक ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना
फोटो नं-33
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। सरकार सिर्फ दलित और पिछड़ों के वोट लेना जानती है। सम्मान दिलाने वाले इस समाज की सुरक्षा का कर्तव्य निभाना नहीं जानती। कानून व्यवस्था को मुद्दा बनाकर कुछ इसी तरह सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने रविवार को प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
सपा विधायक सरायअकिल के हर्रायपुर पहुंची और बाबा साहब भीमराम आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने की घटना के बारे में जानकारी ली। यहीं पर महेवाघाट में एक रेप पीड़िता की नृशंस हत्या को लेकर मीडिया ने कानून व्यवस्था पर विधायक से सवाल किया। इस पर विधायक ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार बड़े-बड़े कसीदे पढ़ रही है।, लेकिन हकीकत इससे इतर है। कौशाम्बी के ट्रिपल मर्डर और रेप पीड़िता हत्याकांड को देख लें या प्रयागराज, प्रतापगढ़ व वाराणसी को। प्रदेश के लगभग हर जिले में ऐसे ही हालात हैं। पिछले एक साल का रिकाॅर्ड उठाकर देखेंगे तो पता चलेगा कि पिछड़े व दलित समाज के साथ ऐसी घटनाएं होती रहीं हैं। संविधान दिवस पर बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने को लेकर विधायक ने कहा कि जिसने देश के हर व्यक्ति को ताकत और समानता का अधिकार दिया, उसी के साथ ऐसी घटना हुई। इससे सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है कि वह दलितों और पिछड़ों के वोट तो लेना चाहती है, लेकिन उन्हें सम्मान दिलाने वाले इस समाज की सुरक्षा का कर्तव्य निभाना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि प्रशासन से सरकार का खौफ हट गया है। इसीलिए सरकार ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लगा पा रही है। मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लें और बताएं कि क्या करने वाले हैं।