कोरोना काल से ठप पड़े सर्राफा व्यापार में तेजी आई है। त्योहारी गतिविधियों के कारण बाजार एक बार फिर से गुलजार हो रहा है। दो साल तक सिमटे कारोबार का वर्तमान में दायरा 40 प्रतिशत तक बढ़ा है। नवरात्र, दशहरा और दीपावली से पहले लोग खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कारोबारियों को धनतेरस और दीपावली तक इसमें उछाल की उम्मीद है।
जिले भर में छोटी-बड़ी लगभग दो सौ सराफा की दुकानें हैं। सोने-चांदी के भाव में तुलनात्मक गिरावट के कारण लोग शादी- विवाह के समान पहले से बुक कर रहे हैं। मंझनपुर सराफा बाजार के व्यापारी पन्नालाल वर्मा ने बताया कि बाजार में अब रौनक दिखने लगी है। कोरोना काल में तो स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। हमारे पास मध्यम वर्ग के अधिक खरीदार हैं। जिन्हें केवल स्वर्ण आभूषण में ज्यादा दिलचस्पी है, वहीं चांदी खरीदने वालों में कमी आई है। त्योहार के कारण लोग एडवांस बुकिंग कर रहे हैं। उम्मीद है कि यह सीजन कारोबारियों के लिए सुखद होगा।
व्यवसायी प्रणय केसरवानी का कहना है कि कोरोना काल के बाद बाजार में उछाल तो आया है, लेकिन पहले जैसे हालात अभी नहीं आए हैं। हालांकि, धनतेरस और दीपावली तक कारोबार अच्छा चलने की उम्मीद है। सिराथू कस्बे के व्यवसायी बृजेश सोनी ने बताया कि बाजार धीरे-धीरे बढ़ रहा है। दीपावली, धनतेरस के लिए रामपुर धमावा निवासी शीला सिंह ने सोने की चैन बुक कराई है। वही रेनू देवी ने चांदी का पायल बुक किया है। सिराथू की रानी केसरवानी और निशा सिंह सोने के कंगन बुक काराया है।
इसी प्रकार दिन-प्रतिदिन ग्राहकों में इजाफा हो रहा है। चायल कस्बा निवासी मनीष स्वर्णकार और कोटिया निवासी अविनाश सोनी को इस मर्तबा धनतेरस में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। ग्राहकों की संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है। एडवांस बुकिंग जोरों पर है। आने वाले दिनों में बाजार सरपट दौड़ेगा।