शिवराज का डेरा मजरा अमीना का पूरा गांव की एक नव विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसका कमरे के अंदर फंदे से लटका शव मिला। घटना का कारण घरेलू कलह बताई जा रही है।
अमीना निवासी अमन कुमार ईंट-भट्टा पर रहकर मजदूरी करता है। उसकी शादी 27 नवंबर 2021 को मंझनपुर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कोखराज के बालकमऊ गांव की रानी देवी (20) के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में अनबन रहती थी।
सोमवार की सुबह अमन काम से बाहर चला गया। सुबह करीब 10 बजे रानी देवी का घर के भीतर कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता लाश मिला। परिजनों ने देखा तो उनके होश उड़ गए। मोहल्ले के तमाम लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना के बाद पहुंचे चौकी प्रभारी चंपहा सुनील कुमार सिंह ने शव को नीचे उतरवाया। जानकारी होने के बाद मृतका के मायके वाले भी रोते-बिलखते हुए आ गए। पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर रमेश पटेल का कहना है कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।