मनौरी के अवैध पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट को एक सप्ताह बीत चुका है। हादसे में गया प्रसाद साहू के चार बच्चों की मौत हो चुकी है वहीं उसकी पत्नी अनीता की हालत गंभीर बनी हुई है। वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। अब गया प्रसाद अपनी पत्नी की हर एक सांस के लिए दुआ कर रहा है। गया प्रसाद के जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। चार मासूमों को खोने के दर्द के बाद अनीता की गंभीर हालत ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
गया प्रसाद के परिवार के लिए हादसे का एक सप्ताह किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। धमाके ने पहले चार बच्चों को उनसे छीन लिया। अब परिवार की उम्मीद अनीता पर टिकी है। गंभीर हालत के कारण वह प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। परिजन अस्पताल में उसकी हालत सुधरने की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार के लोगों के मुताबिक अनीता की हालत चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।