सैनी पुलिस ने किशोर को अगवा कर फिरौती मांगने वाले पांच आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत रविवार को केस दर्ज किया। साथ ही एक आरोपी को पुलिस ने गुलामीपुर चौराहा से सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपी जमानत पर छूटे हुए हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। जबकि एक आरोपी अभी भी जेल में निरुद्ध है।
क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन निवासी भारत लाल के 13 वर्षीय बेटे प्रतीक का बीते पांच अप्रैल को अपहरण कर लिया गया था। फोन पर भारत लाल से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दायरे में आए सुभाष विश्वकर्मा निवासी चक सैयद अली थाना करारी, गुड्डू निवासी अमुरा, शिवबाबू मौर्य निवासी पिपरकुंडी व अरविंद निवासी टेवां मंझनपुरको पुलिस ने पकड़ कर पूछताछ की तो उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने किशोर को बरामद किया और आरोपियों को जेल भेजवाया। अपने आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए जनता में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार किया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर उन्होंने खुद तहरीर देकर पांच आरोपियों के खिलाफ रविवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत सैनी कोतवाली में केस दर्ज कराया।
मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह गुलामीपुर चौराहा से गैंग लीडर सुभाष विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजवाया। आरोपी अरविंद जेल में निरुद्ध है। जबकि तीन अन्य आरोपी जमानत पर छूटे हुए हैं। गैंगस्टर के मुकदमे में तीनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।