ससुरालियों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर युवक ने की थी खुदकुशी
अदालत के आदेश पर छह महीने बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। नगर कोतवाली के रामचरन का पुरवा (टेंवा) में छह माह पहले हुई युवक की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां ने ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रामचरन का पुरवा (टेंवा) गांव के राजू का पांच जनवरी को संदीपनघाट कोतवाली के महगांव के समीप रेलवे लाइन पर शव मिला था। राजू की मां राधा देवी पत्नी राम कृपाल का आरोप है कि बेटे ने पत्नी व ससुरालियों की प्रताड़ना से आजिज आकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दी थी। तहरीर के बाद भी कोतवाली पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर बुधवार की शाम नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चांदनी देवी, बंशीलाल, सुमुंदी समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर रही है।