कारारी मेंं फलों की पैकेजिंग कर रहे दुकानदार। संवाद
सहालग का सीजन शुरू होते ही फलों और ड्राई फ्रूट्स की पैकेजिंग का कारोबार रफ्तार पकड़ने लगा है। शादी-विवाह, तिलक, सगाई जैसे आयोजनों में आकर्षक गिफ्ट पैक देने का चलन बढ़ने से बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। मांग बढ़ने का असर कीमतों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
फल विक्रेता लाला मियां ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों फलों की बिक्री काफी बढ़ गई है। वहीं, मैसर और लाला राइन के अनुसार पहले 700 से 800 रुपये में तैयार होने वाली फलों की टोकरी अब 1000 से 1200 रुपये में बन रही है।
180 रुपये प्रति किलो बिकने वाला सेब 200 से 220 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि अनार 100 रुपये से बढ़कर 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
ड्राई फ्रूट्स में काजू, मखाना, बादाम, अखरोट और पिस्ता की मांग भी लगातार बढ़ रही है। किराना व्यापारी ओम प्रकाश केसरवानी ने बताया कि शादी समारोहों में ड्राई फ्रूट्स को गिफ्ट पैक में शामिल करने की बढ़ती परंपरा से बिक्री के साथ कीमतों में भी इजाफा हुआ है।