मुठभेड़ में पांच बदमाश गिरफ्तार, नकदी बरामद
वारदात में प्रयुक्त दो बाइक और पांच तमंचा मिला
कोखराज, सैनी और सदर कोतवाली इलाके में दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोखराज पुलिस व इंटेलिजेंस विंग ने सोमवार भोर में मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और पांच तमंचा बरामद हुआ है। बदमाशों ने कोखराज, सैनी व मंझनपुर इलाके में लूट की चार वारदातों को अंजाम देना कुबूल किया है। इसके पास से पुलिस को लूटे गए करीब 23 हजार रुपये भी मिले हैं।
सोमवार को ऑफिस में एसपी अभिनंदन ने पकड़े गए बदमाशों को मीडिया से रूबरू कराया। एसपी ने बताया कि कोखराज इंस्पेक्टर राकेश तिवारी को मुखबिर से पता चला कि सोमवार भोर में करीब छह बदमाश रोही बाईपास के समीप स्थित नवीपुर गांव में हैं। वह किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़े हैं। इस पर उन्होंने इंटेलीजेंस प्रभारी विजय यादव को खबर दी। पुलिस व इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने दबिश दी तो बदमाश फायरिंग करने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि गिरोह का सरगना मानसिंह पुत्र रतन पासी मौका पाकर भाग निकला। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान कोखराज के नथई का पूरा निवासी वीरेंद्र पासी, सैनी कोतवाली के डलसहिया निवासी प्रदीप कुमार पटेल, जसवंत पटेल, मंझनपुर कोतवाली के धरमुहापुर निवासी सर्वेश उर्फ सत्यम पटेल व प्रयागराज के जयरामपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार पटेल के रूप में हुई। सभी के पास से पांच तमंचा, छह कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए बदमाशों ने कोखराज इलाके में दो और मंझनपुर व सैनी इलाके में लूट की एक-एक वारदात को अंजाम दिए जाने की बात कुबूल की है। गिरफ्तारी में कोखराज पुलिस के एसआई हेमंत मिश्र, कल्बे अब्बास, चंदन सिंह, अनिरुद यादव, बृजेश यादव, पवन जायसवाल व इंटेलिजेंस विंग के एसआई हनुमान प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, मनोज मौर्या, मनोज यादव, विजय सिंह, जियाउल खान, कमलेश यादव आदि रहे।