नेवादा (कौशाम्बी)। पिपरी इलाके के गोपालपुर (सेउथा) गांव में मंगलवार रात एक विवाहिता आग का गोला बन गई। विवाहिता की चीख सुन घर-परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मगर देर रात विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता ने सांस थमने से पहले ससुरालियों को निर्दोष बताया। विवाहिता की मौत से मायके और ससुराल वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के हटवा असरौली गांव की संजू देवी (23) पुत्री हरीलाल की शादी तीन साल पहले पिपरी के गोपालपुर (सेउथा) गांव में राम कैलाश से हुई थी। मंगलवार शाम वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चली गई। पति कहीं रिश्तेदारी गया था। आधी रात घर के भीतर से धुएं का गुबार और विवाहिता की चीख सुन घर-परिवार के साथ मोहल्ले के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। आनन-फानन लोग आग का गोला बनी विवाहिता को किसी तरह आग से बाहर निकालते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में देर रात विवाहिता की सांसें थम गईं। बताया जा रहा है कि मरने से पहले विवाहिता ने अपने बयान में पति और ससुर को निर्दोष बताया है। विवाहिता ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसे लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।