करारी (ब्यूरो)। दोआबा के परिषदीय स्कूलों में बुधवार को मध्यान्ह भोजन के साथ पहले दिन बच्चों को दूध भी परोसा गया। इसे लेकर नौनिहाल गदगद रहे। बच्चों की सेहत के मद्देनजर अभिभावकों ने भी इस योजना की तारीफ की है।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एमडीएम के मीनू में फेरबदल किया है। नई योजना के मुताबिक मध्यान्ह भोजन के साथ बच्चों को अब एक दिन दूध भी दिया जाएगा। प्रत्येक बुधवार को हर बच्चे को दौ सौ मिली लीटर दूध दिया जाना है।
पहली जुलाई से स्कूल खुलने के बाद बुधवार को पहले दिन सभी स्कूलों में बच्चों को कोप्ता चावल के साथ दूध भी परोसा गया। खाने के साथ दूध पाकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्राथमिक स्कूल बसुहार के प्रधानाध्यापक बालकृष्ण त्रिपाठी की मानें तो बच्चों को दूध मिलने की जानकारी पहले से ही थी। इसे लेकर स्कूल में उपस्थिति भी अच्छी रही। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय करारी के हेडमास्टर लईक अहमद का कहना है कि नया मीनू बच्चों को काफी अच्छा लग रहा है। इसकी वजह से उपस्थिति पर काफी बढ़िया प्रभाव पड़ा है। दूसरे स्कूलों के अध्यापकों का भी कमोवेश यही कहना है। इसके अलावा अभिभावक भी काफी प्रसन्न हैं। इधर, पहले दिन दूध बांटने को लेकर शिक्षकों में भी काफी उत्सुकता देखने को मिली। सभी विद्यालयों में शिक्षकों ने बच्चों को दूध परोसा।