बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस और एसओजी पर घेराबंदी के दौरान टप्पेबाजों ने फायरिंग झोंक दी। इसके बाद टीम ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने लूट व ठगी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कुबूल की है। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्यालय के दुर्गा भाभी सभागार में प्रेसवार्ता कर एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि एसओजी व चरवा थानेकी संयुक्त पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ बदमाश सिरियावां के पास मौजूद हैं। इस पर टीम मौके पर पहुंच गई। सोमवार की सुबह सिरियावां चौराहा के समीप पुलिस टीम और टप्पेबाजों का आमना-सामना हो गया।
टप्पेबाजों ने पुलिस को देखते ही तमंचे से दो राउंड फायर किया। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने जिन पांच बदमाशों को पकड़ा उनकी पहचान प्रतापगढ़ जिले के कुंडा थाना स्थित जुदवानीपुर निवासी रमेश कुमार पासी, मानिकपुर थाना स्थित रेहगरी जमालपुर निवासी चंद्रकेश, उसका भाई राजेंद्र, धेगरी निवासी करन कुमार व संग्रामगढ़ निवासी रोहित सरोज के रूप में हुई। मुठभेड़ के वक्त तीन बदमाश बोलेरो व दो बाइक पर सवार थे।
पकड़े जाने के बाद इनकी निशानदेही पर अलीपुरजीता से एक और बोलेरो बरामद की गई। पकड़े गए बदमाश वाहनों का प्रयोग लूट और ठगी की वारदातों को अंजाम देने में करते थे। टप्पेबाजों के पास से ठगी के 28,200 रुपये, दो तमंचे भी बरामद किए गए हैं। टप्पेबाजों ने कौशाम्बी के साथ प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।