पप्पू चौरसिया के घर आग लगने के बाद जली गृहस्थी। संवाद
कस्बे के एक मोहल्ले में शनिवार सुबह फ्रिज का कंप्रेशर फटने से घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखा सामान और नकदी जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे के वार्ड नंबर तीन शांतिनगर मोहल्ले में बरगद के पास रहने वाले पप्पू चौरसिया तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। पप्पू के दो भाई मकान के निचले हिस्से में रहते हैं, जबकि पप्पू दूसरी मंजिल पर परिवार सहित रहते हैं और सब्जी का कारोबार करते हैं।
शनिवार सुबह पप्पू के घर में रखे फ्रिज का कंप्रेशर अचानक फट गया। इससे आग लग गई और देखते ही देखते आग ने घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से घर में अफरातफरी मच गई। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। पप्पू चौरसिया के अनुसार आग में करीब 45 हजार रुपये नकद, फ्रिज, टीवी, पंखा, दो कूलर सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया।