बरई बंधवा गांव स्थित एक स्कूल में लगी आग। स्रोत: वीडियो ग्रैब
करारी। कोतवाली के बरई बंधवा गांव स्थित स्व. रानी देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार दोपहर अज्ञात कारण से आग लग गई। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक पांच कमरों में रखा फर्नीचर जलकर राख हो चुका था। शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।
करारी कस्बे के किंग नगर मोहल्ला निवासी शिव बली यादव ने बरई बंधवा गांव के समीप स्व. रानी देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोल रखा है। गर्मी की छुट्टी के कारण इन दिनों विद्यालय में अवकाश है। शनिवार दोपहर अज्ञात कारण से स्कूल के खपरैल में आग लग गई। लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने पांच कमरों को अपनी चपेट में ले लिया था।
किसी तरह ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। जानकारी होने पर प्रबंधक भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।