बिना वकालत पास किए वकील की ड्रेस पहनकर अदालतों में चल रहे मुकदमों में पैरवी करने वालों की बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने सूची मांगी है। ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनको ब्योरा देने को कहा गया है। चिह्नित लोगों के खिलाफ बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएगी।
दीवानी, कलेक्ट्रेट तथा तहसील के न्यायालयों में बिना वकालत पास किए वकील की पोशाक पहनकर मुकदमों में पैरवी की शिकायत बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश कार्यालय में कई जिलों से की गई है। इस पर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने संज्ञान लिया है।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष जय नारायण पांडेय ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा सचिव को पत्र भेजकर ऐसे लोगों को चिह्नित करके ब्योरे सहित सूची देने को कहा है।
माॅडल डिस्टि्रक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि वकालत के बाद ही वकील की ड्रेस पहनी जा सकती है। लॉ की पढ़ाई कर रहे कई युवा भी वकील की ड्रेस पहनकर अदालतों में मुकदमों की पैरवी करते हैं।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का आदेश नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराने के साथ ही वकीलों को व्यक्तिगत रूप से भी सूचना दे दी गई है। ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है। सूची तैयार होते ही बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश कार्यालय में भेज दी जाएगी।