सिराथू। सैनी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह क्षेत्राधिकारी भैया संतोष सिंह के साथ पीड़िता से मिलकर मामले में पूछताछ की है।
एफआईआर के मुताबिक, सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे 15 वर्षीय किशोरी घर में अकेली थी। आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी युवक घर में घुसकर किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग गया।
करीब एक घंटे बाद खेत से घर पहुंचे परिजनों को किशोरी ने आप बीती सुनाई तो परिजनों के होश उड़ गए। वहीं, दिनदहाड़े दुष्कर्म की घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह क्षेत्राधिकारी पीड़िता व उसके परिवार वालों से मिलकर मामले में पूछताछ कर कार्रवाई करने की बात कही है। क्षेत्राधिकारी भैया संतोष सिंह ने बताया आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है।