संदीपनघाट कोतवाली क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव में तीन दिन पहले बीफार्मा छात्र निर्भय पटेल की आत्महत्या के मामले में ग्राम प्रहरी की तहरीर पर पुलिस ने परिजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि खेती-किसानी के काम के लिए दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर निर्भय ने सुसाइड नोट लिखने के बाद फंदे से झूलकर जान दे दी।
ग्राम प्रहरी बरमदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे निर्भय पटेल पुत्र रामसुरेमन पटेल ने घर में फंंदे से झूलकर जान दे दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि निर्भय के भाई समुन्दर सिंह पटेल और उनके घरवाले उससे जबरन खेती-किसानी का काम कराते थे। इससे वह कथित तौर पर काफी परेशान था।
ग्राम प्रहरी के मुताबिक प्रताड़ना से तंग आकर निर्भय ने सुसाइड नोट लिखा और आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की थी। अब तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संदीपनघाट पुलिस का कहना है कि आत्महत्या की वास्तविक वजह और आरोपों की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ भी कर रही है।