नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम के ईओ से टकराव के मामले में पुलिस ने बीज विकास निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष मतेश सोनकर के भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ईओ ने दफ्तर में आकर गालीगलौज करने के साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
नगर पंचायत क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड के भानीपुर में बीज विकास निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष मतेश सोनकर के भतीजे सनी सोनकर की भूमि है। यहीं पर नगर पंचायत की भी कुछ भूमि है। सनी सोनकर की ओर से भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था। जिस पर ईओ वैभव चौधरी ने रोक लगा दी थी।
सनी का कहना है कि वह अपनी भूमि पर निर्माण करा रहे हैं। जबकि, ईओ उसे सरकारी भूमि बता रहे हैं। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को सनी सोनकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। जहां पर ईओ और सनी सोनकर के बीच जमकर नोकझोंक और गालीगलौज हुई थी। सभासदों ने बीचबचाव करके किसी तरह मामले को शांत कराया था।
ईओ ने सनी सोनकर के खिलाफ गालीगलोज करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कड़ाधाम थाने में तहरीर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में सनी सोनकर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-वर्जन
नगर पंचायत के ईओ वैभव चौधरी ने बीज विकास निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष के भतीजे सनी सोनकर के खिलाफ गालीगलौच करने व सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।
धीरेंद्र सिंह
थानाध्यक्ष, कड़ाधाम