मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली के नासिरपुर फरीदगंज गांव में शनिवार की सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। चर्चा है कि बीमारी से आजिज आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सैनी कोतवाली के नासिरपुर फरीदगंज गांव की रहने वाली सुषमा (35) पत्नी लल्लू लाल पिछले करीब चार साल से बीमार थी। परिवार के लोगों ने उसका हर संभव उपचार कराया। मगर कोई खास आराम नहीं हुआ। परिवार के लोगों की मानें तो बीमारी को लेकर सुषमा बीच परेशान रहने लगी थी। शनिवार की सुबह सोकर उठने के बाद से ही वह अनमन थी। सात बजे के लगभग अपने कमरे में जाकर उसने चुल्ले से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। काफी देर तक महिला के कमरे से बाहर नहीं निकलने पर खिड़की से झांककर देखा गया तो फंदे से उसका शव लटकता दिखाई पड़ा। इससे घर के लोगों की चीख निकल पड़ी। रोने की आवाज सुन मौके पर गांव के लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है। सैनी एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि परिवार के लोग पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए। पंचनामा कर लाश परिजनों के हवाले कर दी गई है।