चायल (कौशाम्बी)। पुरामुफ्ती के हुसैनमई गांव में बेटी की विदाई कराने गए परिजनों से दुर्व्यवहार करते हुए कमरे में बंधक बना लिया। जानकारी होते ही विरादरी के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। पांच घंटे चली पंचायत के बाद शाम को युवती की विदाई कराई गई। बताया जा रहा है कि बारात में द्वारपूजा के दौरान युवती के परिजनों ने ससुरालियों को मामूली विवाद पर बंधक बना कर पीटा था।
बता दें कि पुरामुफ्ती कोतवाली के हुसैनमई गांव का अशर्फीलाल 10 जून को बेटे की बारात लेकर कोखराज के पांडेयमऊ गांव गया था। द्वारपूजा के दौरान डीजे में नाचने को लेकर घराती और बराती भिड़ गए थे। इस दौरान युवती के परिजनों ने बरातियों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीट दिया था। शनिवार को युवती के परिजन जब बेटी को बुलाने हुसैनमई गांव पहुंचे तो उन्हें बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया गया। उधर, मामले की जानकारी होते ही विरादरी के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। पांच घंटे की पंचायत के बाद किसी तरह दोनों परिवारों के बीच बात बन सकी। देर शाम ससुरालियों ने युवती को विदा करते हुए दोबारा गलती नहीं करने की हिदायत दी। हालांकि इस बाबत पुलिस ने ऐसी किसी भी जानकारी को सिरे से खारिज किया है।