किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया गया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए डायट मैदान में एकत्रित होकर हुंकार भरी।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय की अगुवाई में यूनियन कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग उठाई। इसके बाद डीएम को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में नेवादा ब्लॉक क्षेत्र के पिपरहटा में सिंचाई का संकट दूर कराने के लिए राजकीय नलकूप की स्थापना कराने, सिराथू ब्लॉक क्षेत्र में छुट्टा जानवरों को संरक्षित करने के लिए बिदनपुर में गोशाला बनवाने, नगर पंचायत चायल में आशा बहुओं की तैनाती करने समेत अन्य मांगें उठाईं।
यूनियन के नेताओं ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन करने की बात कही। इस मौके पर महासचिव नागेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रमादेवी शुक्ला, रमेश कुमार, राज कुमार, सुभाष आदि मौजूद रहे।