चरवा कोतवाली के सैयद सरावां गांव के मजरा बड़ा तालाब के बाहर नलकूप के पास सोमवार सुबह एक किसान का शव आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। जानकारी पाकर परिजन बदहवाश हालत में रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना की छानबीन में जुट गई है।
रतगहा गांव निवासी तीरथ सिंह (45) पुत्र रामजश सिंह की शादी करीब 20 साल पहले पिपरी कोतवाली के निजामपुर पुरैनी गांव की सविता देवी से हुई थी। पिछले 15 साल से वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल निजामपुर पुरैनी में रह रहा था। जबकि उसका परिवार रतगहा गांव में रहता है। परिजनों के अनुसार, दंपती की कोई संतान नहीं है। तीरथ ससुराल में खेती-किसानी के साथ-साथ दो ट्रक भी चलवाता था। बड़ा गांव में उसके अपने खेत हैं, जहां सिंचाई के लिए नलकूप लगा रखा है।
पत्नी सविता देवी ने बताया कि सोमवार सुबह धुंध के बीच तीरथ बिना कुछ बताए बाइक लेकर घर से निकल गए थे। धुंध हटने पर खेतों में काम करने गए लोगों ने नलकूप के पास आम के पेड़ पर रस्सी से शव लटकता देख पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। मृतक की बाइक नलकूप के पास सड़क किनारे खड़ी मिली। इस संबंध में इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों से पूछताछ कर घटना की जांच की जा रही है।