कोखराज गांव के समीप मार्ग हादसे में क्षतिग्रस्त आटो
ट्रक की टक्कर से अप्पे सवार किसान की मौत
- कोखराज कोतवाली के सामने हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोखराज। स्थानीय गांव में बृहस्पतिवार शाम ट्रक की टक्कर से अप्पे सवार किसान की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। कोखराज गांव के मुन्नीलाल (50) शाम को अप्पे बुक करके परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही अप्पे कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर पहुंचा तभी कानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने अप्पे में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मुन्नीलाल सड़क पर जा गिरा और ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया। गंभीर हालत में मुन्नीलाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
-
मौसी के घर आई किशोरी लापता, शिकायत
भरवारी। कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में मौसी के यहां घूमने आई किशोरी लापता हो गई। खोजबीन में मालूम चला कि किशोरी को पड़ोस में रहने वाला युवक बहलाकर ले गया। घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है। इंस्पेक्टर विनोद मौर्या का कहना है मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
गंदा पानी फेंकने के विवाद में पड़ोसी को दौड़ाया
कल्यानपुर। बम्हरौली गांव निवासी जितेंद्र पांडेय ने बताया कि उसके घर के सामने बृहस्पतिवार को पड़ोसी गौरीशंकर की पत्नी नीलम ने पशुबाड़े का गंदा पानी फेंक दिया। विरोध करने पर नीलम के घरवालों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घटना में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद