गोपसहसा उपकेंद्र से जुड़े बिजिया चौराहे पर मंगलवार रात हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। घटना में घर के बाहर बैठे तीन लोग करंट की चपेट में आने से झुलस गए। सभी को इलाज के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिजिया चौराहा निवासी कारोबारी जगत अग्रहरि के परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई थी। बुधवार को 13वीं थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ रिश्तेदार मंगलवार को ही आ गए थे।
रात को बिजली नहीं होने के कारण रिश्तेदार घर के बाहर कुर्सी डालकर बैठे थे। रात करीब नौ बजे बिजली आई। इस पर जैसे ही बाहर बैठे लोग अंदर जाने को हुए तभी घर के बाहर से गुजरा हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से जगत अग्रहरि, उसका मामा प्रेमचंद्र व राजेश झुलस गए। गनीमत रही कि तार अपने आप छिटक कर दूसरी तरफ जा गिरा। आननफानन करंट की चपेट में आए लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं स्थानीय निवासी ओम प्रकाश, फूलसिंह आदि का कहना है मामूली फाल्ट पर भी बाजार की विद्युत करीब 15 घंटे तक बंद कर दी जाती है। बाजार में जो ट्रांसफार्मर लगा है उसकी केबिल आए दिन जली ही रहती है। इसकी वजह से लोगों को बिजली आने व जाने के पता ही नहीं चलता। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
इलाके में जो जर्जर तार हैं उन्हें बदलवाने का प्रयास किया जा रहा है। जहां तार बदला जाना है उसका प्रस्ताव तैयार करके भेजा गया है। बजट मंजूर होने के बाद तार बदलवा दी जाएगी। कपिल त्रिपाठी, अवर अभियंता गोपसहसा