निकाय चुनाव के दौरान सुबह के दो घंटे मतदान फीका रहा।। ठंड के चलते वोटर आठ बजे तक घरों में दुबके रहे। आठ बजे के बाद धीरे-धीरे मतदाताओं ने घरों से निकलना शुरू किया पर साढ़े नौ बजे तक तेजी नहीं आ सकी। दस बजे के बाद धूप तेज हुई तो मतदाताओं के बूथों पर पहुंचने में तेजी आई। वोटरों की रफ्तार अपराह्न डेढ़ बजे तक बरकरार रही।
बुधवार को निकाय चुनाव की वोटिंग जिले की छह नगर पंचायतों में बने 50 मतदान केंद्रों के 106 बूथों पर सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुई। शुरुआत में मतदाताओं के जोश पर ठंड भारी पड़ती दिखी। बूथों पर मतदान करने के लिए एक-दो लोग ही नजर आ रहे थे। मतदाताओं में वोटिंग के प्रति यह शिथिलता सुबह के साढ़े नौ बजे तक देखने को मिली। घड़ी के दस बजते ही जैसे ही सूरज की किरणों ने ठंड के असर को बेअसर करना शुरू किया मतदाताओं की भीड़ बूथों पर उमड़ने लगी। साढ़े दस बजे तक लगभग सभी बूथों पर वोटरों की लाइन लगने लगी। भीड़ बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी होने लगी।
साढ़े ग्यारह बजे तक किसी नगर पंचायत में 20 तो किसी में 25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत में तेजी अपराह्न डेढ़ बजे तक जारी रही। डेढ़ बजे तक जिले की सभी नगर पंचायतों का औसतन मतदान प्रतिशत 40 के इर्दगिर्द रहा। इसके बाद धीरे-धीरे वोटिंग प्रतिशत की रफ्तार फिर धीमी होने लगी। साढ़े तीन बजे तक महज आठ फीसदी वोटिंग में बढ़ोत्तरी हो सकी। मतदाताओं में मतदान के प्रति जोश दस से लेकर डेढ़ बजे तक देखने को मिला।