पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के फताहीपुर गांव के एक युवक से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये लिए गए। बाद में उसे फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। अब रुपये मांगने पर आरोपी जानलेवा धमकी दे रहा है। पीड़ित ने गुरुवार को एएसपी से शिकायत की।
फताहीपुर निवासी मनीष कुमार पुत्र अमरनाथ ने बताया कि पढ़ाई के बाद वह काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहा था। इसी बीच अक्तूबर 2019 में प्रयागराज (करेली) के एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। जालसाज ने खुद को रेलवे के एक अधिकारी का रिश्तेदार बताया।
इसके बाद रेल विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद दबाव बनाने पर उसने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। रेलवे मुख्यालय पहुंचने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो वह सन्न रह गया। बताया कि इसके बाद आरोपी रुपये लौटाने का वादा करने लगा।
मांगने पर जानलेवा धमकी देता है। पीड़ित का कहना है कि आठ लाख रुपये उसने खेत बेचकर दिए थे। अब रकम नहीं लौटी तो परिवार के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। बहन की शादी भी नहीं हो पाएगी। एएसपी अशोक कुमार ने साइबर सेल प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।