कनैली गांव स्थित श्री तिलक इंटर कॉलेज का बदहाल नाला। संवाद
स्थानीय गांव के श्री तिलक इंटर कॉलेज में दो साल पहले नाले का निर्माण हुआ था। यह नाला अब पूरी तरह टूट चुका है। ऐसे में नाले का गंदा पानी और गंदगी परिसर में फैलती है। इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य दिवाकर पाठक ने बताया कि विद्यालय में लगभग दो हजार विद्यार्थी पढ़ाई करने आते हैं। बता दें कि यह विद्यालय करीब 30 से 40 साल पुराना है। अब यह अव्यवस्थाओं का शिकार हो चुका है। परिसर में जिला पंचायत ने दो साल पहले बीच मैदान से नाले का निर्माण कराया था।
वर्तमान में यह नाला टूटा होने से नाले का गंदा पानी पूरे परिसर में फैला रहता है। दुर्गंध आने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। साथ ही संक्रमण का भी भय बना रहता है। इस नाले की मरम्मत के लिए विद्यालय ने कई बार जिला पंचायत के जिम्मेदारों से पत्राचार किया। आरोप है कि इस ओर अब तक उन्होंने ध्यान नहीं दिया।
नाला निर्माण में यदि लापरवाही की गई होगी तो इसकी जांच संबंधित क्षेत्र के जेई से कराते हुए रिपोर्ट ली जाएगी। नाला निर्माण में लापरवाही की वजह से टूटा होगा तो फर्म को दोबारा निर्माण कराना होगा।- कल्पना सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष