चित्रकूट जिले के कर्वी में डंपर की चपेट में आकर जिले के किसान की मौत हो गई। किसान अपनी भांजी के लिए रिश्ता देखने के लिए बाइक से गया था। परिवार के लोग शव लेने के लिए कर्वी रवाना हो गए हैं।
सरायअकिल कोतवाली के तिल्हापुर गांव निवासी तेज नारायण सिंह उर्फ तेजबली (53) किसानी करता था। तेजबली के छोटे भाई कमलू सिंह ने बताया उसकी बहन चित्रकूट के रानीपुर में ब्याही है। सप्ताह भर पहले तेजबली बहन के घर गया था। बुधवार सुबह वह भांजे धरमू के साथ बाइक से भांजी के लिए रिश्ता देखने चित्रकूट गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में तेजबली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा गंभीर रूप से जख्मी है। तेजबली की मौत की खबर परिवार के लोगों को मिली तो कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए कर्वी रवाना हो गए हैं।