सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे में सोमवार रात डिप्टी सीएम के साले के बेटे को पुलिस के सामने दबंगों ने पीट दिया। बाइक निकालते समय दूसरी बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने युवक की जान बचाई। मामले में तहरीर दी गई है, लेकिन दोनों पक्ष फिलहाल समझौते के प्रयास में लगे हैं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साले दिनेश कुमार का बेटा अखिलेश सोमवार रात शादी में शामिल होने अजुहा कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस गए थे। अखिलेश ने बताया कि निमंत्रण से वापस लौटते वक्त वह अपनी बाइक भीड़ से निकाल रहे थे। इस बीच अजुहा कस्बे के एक एक युवक से उनकी बाइक टकरा गई। इसे लेकर अखिलेश से उसकी बहस होने लगी।
देखते ही देखते युवक की ओर से तीन अन्य साथी आ गए और गाली-गलौज करते हुए अखिलेश को पीटने लगे। सूचना पर आए सिपाहियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने उनके सामने ही अखिलेश को पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिस कर्मी अखिलेश को बाहर निकालकर लाए और सुरक्षित घर पहुंचाया। पीड़ित ने पुलिस चौकी में चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर बृजेश करवरिया ने बताया कि दो पक्षोें के बीच विवाद हुआ था। शिकायती पत्र के बारे में जानकारी नहीं है। तहरीर दी गई है तो मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।