कोखराज। भरवारी कस्बे में दुर्गा पूजा पंडाल के पास बुधवार रात अचानक एक पीपल के पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से 12 वर्षीय विकास की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
भरवारी कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में दुर्गा पूजा पंडाल सजाया गया है। बुधवार रात पास पड़ोस के कुछ बच्चे पंडाल के पास खेल रहे थे। तभी अचानक एक पीपल के पेड़ की डाल टूटकर ढह गई। इसकी चपेट में आने से विकास (12) पुत्र मुन्ना सरोज व करीब सात अन्य बच्चे घायल हो गए। गंभीर हालत में विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी सांसें थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े ।
पीड़ितों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल हुए अन्य बच्चों का नजदीकी निजी क्लीनिक में ही इलाज करा दिया गया। उन्हें अधिक चोट नहीं लगी थी।