कोखराज कोतवाली के शहजादपुर गांव में एक व्यक्ति का संदिग्ध हालत में फांसी पर लटका हुआ शव मिला। शव से बदबू आने पर गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान नहीं हो सकी।
शहजादपुर गांव में सड़क किनारे बाग में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति का फांसी पर लटकता हुआ शव मिला। शव काफी सड़ चुका था। बदबू आने पर लोग पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे कोखराज इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद सिंह ने शव नीचे उतरवाया और शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने अज्ञात में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा रही कि युवक की हत्या करने के बाद यहां फांसी पर लटकाया गया है। इंस्पेक्टर का भी कहना है शव पांच-छह दिन पुरानी लग रही है। शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहरा लिया जा रहा है।