पिपरी कोतवाली के गौसपुर कटहुला गांव स्थित भाई की ससुराल में शनिवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर जंगल में बेर के पेड़ से लटकता मिला है। युवक प्रयागराज स्थिति रेलवे स्टेशन में कोच अटेंडेट के रूप में काम करता था। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चरवा कोतवाली के सिरियावां कला निवासी हरिशंकर पासी (28) प्रयागराज रेलवे स्टेशन में संविदा पर कोच अटेंडेंट था। इन दिनों वह अपने बड़े भाई रमाशंकर की ससुराल पिपरी कोतवाली के गौसपुर कटहुला में रहकर ड्यूटी करता था।
शनिवार की सुबह उसका शव गौसपुर कटहुला गांव के बाहर जंगल में बेर के पेड़ से लटकता मिला। खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने शव को नीचे उतार कर छानबीन की तो जेब से मिले परिचय पत्र और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। जवान बेटे के मौत की मनहूस खबर सुनकर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ चायल श्यामकांत का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी घटना की छानबीन के लिए मृतक के मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रहस्य से पर्दा हटेगा। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
सरायअकिल कोतवाली के गौरा गांव में शुक्रवार रात परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह फांसी के फंदे पर किशोरी का शव लटकता देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मिर्जापुर चंदनापुर गांव निवासी राकेश कुमार मजदूर है। ग्रामीणों में चर्चा है कि शुक्रवार शाम राकेश की पत्नी ने किसी बात को लेकर अपनी बेटी काजल (14) को डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह घरवालों के सोने के बाद कमरे में गई और रस्सी से चुल्ले के सहारे फंदे पर झूल गई।
शनिवार सुबह बेटी का शव फंदे से लटकता देख परिजनों की चीख निकल गई। घरवालों ने काजल के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दिए बगैर फतेहपुर घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, घरवालों के मुताबिक अचानक तबीयत खराब होने से किशोरी की मौत हुई। इस बाबत इंस्पेक्टर अनुपम शर्मा का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, मामले की जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।