तीन दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव
परिजन बोले, ठीक नहीं थी मानसिक हालत, शौच क्रिया के दौरान पैर फिसलने से हादसे की जता रहे आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी के चायल कस्बे में बुधवार की सुबह एक युवक का शव तालाब में मिला। युवक पिछले तीन दिन से लापता था। परिजन शौच क्रिया के दौरान पैर फिसलने से हादसे की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
चायल कस्बा के वार्ड नंबर नौ कृष्ण नगर मोहल्ला निवासी रसूल अहमद मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। रसूल ने बताया कि उसके बेटे यूनुस (40) की बचपन से मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह अक्सर गांव में ही घूमता रहता था। रविवार को वह घर से निकल गया था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच बुधवार की सुबह लोगों ने कस्बे के बाहर तालाब में यूनुस का शव देखा। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को बाहर निकलवाया। परिजन आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि शौच क्रिया के दौरान पैर फिसलने से यूनुस गहरे पानी में चला गया होगा। इसी के चलते उसकी मौत हो गई।