शुक्रवार की रात कस्बे में निकाली गई भव्य शोभायात्रा
रामनवमी के पर्व पर शुक्रवार की रात सरायअकिल कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयकारों के बीच निकली यह धर्मयात्रा आधी रात तक कस्बे में घूमती रही। इस दौरान धार्मिक प्रसंगों को प्रदर्शित करती झांकियां भी निकाली गईं। जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।
सरायअकिल कस्बे में शुक्रवार को रामनवमी पर्व पर रामलीला मैदान से जय दुर्गे रोशनी कमेटी की ओर से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। गाजे-बाजे के साथ रात 9 बजे से निकली यह शोभायात्रा जयकारों के बीच कस्बे के हनुमान मंदिर, घोसिया, गल्लामंडी, चावल मंडी, सब्जी मंडी, भगौतीगंज, पटेल चौराहा, फकीराबाद, हनुमान मंदिर होते हुए रामलीला मैदान आकर समाप्त हुई। इस दौरान धार्मिक प्रसंगों को दर्शाती चौकियां भी निकाली गई। इसमें रामजन्म, राधा-कृष्ण की रासलीला, शिव-पार्वती आदि धार्मिक प्रसंगों का मंचन करती झांकियों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। पूरा कस्बा भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो गया। इस मौके पर विनय जायसवाल, संतराम हलवाई, सुनील सोनी, रामबहादुर जायसवाल, उमेश केसरवानी, गोपालजी केसरवानी, कृष्णा केसरवानी, सोनू केसरवानी, राकेश केसरवानी आदि मौजूद रहे।