बृहस्पतिवार को सैनी क्षेत्र के खत्रीपुर गांव से ट्रैक्टर ट्राली पर भूसा लादकर एक मजदूर गंगापार जा रहा था। वह त्रिलोकपुर के पास रस्सी कसने के लिए ट्राली पर चढ़ा हुआ था। पैर फिसल जाने से वह नीचे गिर गया। इस दौरान उसकी पीठ में ट्राली में लगा लोहे का राड जा घुसा। हादसे में मजदूर की घटना स्थल पर मौत हो गई।
सैनी क्षेत्र के खत्रीपुर निवासी राम प्रसाद पुत्र देशराज यादव गांव के ज्ञानू शुक्ला के ट्यूबवेल की रखवाली करता था। बृहस्पतिवार को उसे ज्ञानू शुक्ला ने ट्रैक्टर पर भूसा लादकर गंगापार अपनी रिश्तेदारी में पहुंचाने के लिए भेजा। वह अपने कुछ अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर ट्राली पर भूसा लादकर गंगापार जा रहा था। परिजनों का कहना है कि त्रिलोकपुर के सामने एकाएक भूसे की बोरियों की रस्सी ढीली हो जाने से नीचे खिसकने लगीं। रस्सी कसने के लिए राम प्रसाद ट्राली पर चढ़ गया। एकाएक पैर फिसलने से वह नीचे आ गिरा।
इस दौरान ट्राली में लगा लोहे का राड उसकी पीठ में जा घुसा। परिजनों का कहना है कि इस हादसे के बाद चालक और अन्य मजदूर ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गए। सूचना पर परिजनों के पहुंचने के बाद सैनी पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। एसआई रमेश सिंह चौहान का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।