मंझनपुर। सैनी इलाके के अंतू का पुरवा गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर सड़क हादसे में गांव की ही एक महिला की मौत हो गई। विवाहिता पति के साथ साइकिल से दवा के लिए देवीगंज बाजार जा रही थी। तभी रास्ते में डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में उसका पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, हादसे के बाद ग्रामीणों ने डीसीएम चालक का पीछा करके उसे धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया है। महिला की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अंतू का पुरवा गांव निवासी बन्ने ने बताया कि वह शुक्रवार की दोपहर बीमार पत्नी समातुर निशा (60) को साइकिल से लेकर देवीगंज बाजार दवा कराने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह गांव से निकलकर मुख्यमार्ग पर पहुंचा। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। साइकिल से गिरकर समीतुरनिशा डीसीएम की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, हादसे में महिला की मौत से गांववालों में हड़कंप मच गया। लोगों ने हादसा करके भाग रहे डीसीएम चालक को दौड़कर धरदबोचा। उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना पर आई पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई महिला की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।