हाईवे पर कनवार के समीप एक बेकाबू ट्रक ने खड़े ट्रक के चालक को कुचल दिया। चालक गाड़ी का टायर बदल रहा था। मृतक चालक रायबरेली जिले के सराय उमर गांव का रहने वाला था। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रायबरेली के सराय उमर बाघराय गांव निवासी विजय बहादुर पुत्र अगनू ट्रक चालक है। रविवार की रात वह कानपुर से इलाहाबाद के लिए निकला था। सैनी के कनवार बार्डर के समीप ट्रक पंचर हो गया। रात वह सड़क किनारे ट्रक खड़ा करके पंचर टायर को बदल रहा था।
इसी दौरान कानपुर की ओर आए ट्रक ने टक्कर मारते हुए चालक को कुचल दिया। हादसे में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे खून से लथपथ शव देख राहगीरों ने घटना की जानकारी सैनी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में मिले कागजातों के जरिए घटना की जानकारी ट्रांसपोर्ट मालिक और चालक के परिजनों को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेते हुए घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।