हाईवे पर शहजादपुर चौकी के समीप बुधवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान करने के बाद हादसे की जानकारी परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
कोखराज थाना क्षेत्र के पल्टीपुर गांव का रहने वाला अमर नाथ (40) पुत्र रामनाथ बुधवार की शाम टेढ़ीमोड़ बाजार आया था। सामान खरीदने के बाद वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान कानपुर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद हादसे की जानकारी परिजनों को दी। युवक के मौत की खबर सुनते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।