हाईवे पर सैनी बस स्टाप के समीप शनिवार भोर कानपुर से इलाहाबाद जा रही कैंट डिपो की बस आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। दुर्घटना में बस सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद करीब एक घंटे जाम लगा रहा।
कानपुर से इलाहाबाद जा रही कैंट डिपो की बस शनिवार की भोर सैनी बस स्टाप के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही डीसीएम बस में भिड़ गई। दुर्घटना में बस सवार मोहम्मद शाहिद (24) पुत्र मोहम्मद हलीम निवासी हनुमानगंज जहानाबाद, राम प्रताप (35) पुत्र श्री कृष्ण निवासी बारा कानपुर, सुनील कुमार (20) पुत्र बालकरन निवासी मुलायमपुर कानपुर देहात घायल हो गए। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। हाईवे पर हुई दुर्घटना से करीब एक घंटे जाम लगा रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बस के परिचालक ने मुसाफिरों को दूसरी बस में बैठाकर इलाहाबाद भेजा। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण चालक की नजर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली पर नहीं पड़ी थी। इससे यह दुर्घटना हुई। कोहरे की वजह से बस की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।