चायल (कौशाम्बी)। पुरामुफ्ती क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इल्जाम है कि उसके पति ने ही अपने दो दोस्तो के साथ मिल उसके साथ दरिंदगी की। मनमानी करने के बाद उसे धमकी देते हुए पति के दोनों दोस्त भाग निकले। वहीं शिकायत करने के 15 दिन बाद भी पुलिस इस मामले में लीपापोती करने में लगी है। बुधवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
इलाहाबाद के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि सालभर पहले उसने पुरामुफ्ती क्षेत्र के रहने वाले युवक से प्रेम विवाह किया था। बताया कि कुछ दिन पहले वह मायके गई थी। पखवारे भर पहले ही पति उसे बुलाकर ससुराल ले आया था। युवती की मानें तो चार फरवरी की रात उसके पति ने अपने दो दोस्तों के साथ उसके साथ दरिदंगी की। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई। साथ ही मनमानी करने के बाद जुबान खोलने पर जान से मार डालने की धमकियां भी दी गई।
रातभर पति की हैवानियत पर आंसू बहाती रही विवाहिता सुबह होते ही पुरामुफ्ती थाने गई और घटना की शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने अपना खेल करते हुए मामूली धाराओं में सिर्फ एनसीआर दर्ज करके मामले को रफा-दफा कर दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख बुधवार को पीड़िता ने सीओ और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी ने एसओ पुरामुफ्ती को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। वहीं जब इस मामले में एसओ से बात की गई, तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से ही इंकार किया है।