मूरतगंज (ब्यूरो)। बेखौफ चोर शनिवार की रात मूरतगंज के चंदवारी चौराहे के समीप स्थित एक मकान को खंगाल ले गए। बंद घर में दीवार फांदकर दाखिल हुए चोरों ने गहने, कपड़े, बर्तन समेत करीब दो लाख का सामान पार किया है। भुक्तभोगी ने घर में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। उधर, घटना से आसपास के लोगों के भी होश उड़े हैं।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मूरतगंज (चंदवारी चौराहा) निवासी इसरार दिल्ली में मजदूरी करता है। घर में पत्नी कुरैशा बानो बच्चों के साथ रहती है। कुरैशा ने बताया कि उसकी बहन की ससुराल मितुआपुर गांव में है। शनिवार को वह बहन की ससुराल शादी में शामिल होने के लिए बच्चों के साथ गई थी। मकान में ताला बंद था। रात में दीवार फांदकर चोरों ने कमरों का ताला तोड़ा।
संदूक, आलमारी आदि तोड़कर गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह जब वह घर लौटी, तो कमरे, संदूक आदि का ताला टूटा और कीमती सामान गायब देखा, तो उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। भुक्तभोगी ने घर में चोरी होने की तहरीर मूरतगंज चौकी के साथ कोखराज कोतवाली पुलिस को दे दी है। एसओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके चोरों की तलाश की जा रही है।