कस्बे के सिराथू मार्ग पर स्थित उपसंभागीय परिवहन (एआरटीओ) दफ्तर में सोमवार की रात चोरी हो गई। दीवार फांदकर छत के सहारे कार्यालय पहुंचे चोरों ने कैशियर का काउंटर तोड़कर वहां पर रखा सीपीयू, मॉनीटर आदि हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। दफ्तर में चोरी होने की भनक चौकीदार को सुबह जागने पर हुई। सूचना पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने दफ्तर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने कैशियर (लिपिक) की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
उपसंभागीय परिवहन कार्यालय मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर कोरई गांव के समीप स्थित है। कस्बे से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित कार्यालय की देखरेख के लिए रात में चौकीदार घनश्याम वर्मा निवासी लोकनाथपुर इलाहाबाद रहता है। सोमवार की रात भी चौकीदार दफ्तर की ऊपरी मंजिल में बने अपने कमरे में सो रहा था। रात में दीवार फांदकर छत के रास्ते दफ्तर में पहुंचे चोरों ने कैशियर के काउंटर को तोड़कर वहां पर रखा दो सीपीयू, दो मानीटर आदि अन्य सामान उठा ले गए। इतना ही चोरों ने वहां पर रखे सारे अभिलेख इधर-उधर फेंक दिया था।
कार्यालय में हुई चोरी की जानकारी चौकीदार को सुबह जागने पर हुई। उसने तत्काल घटना से विभागीय अफसरों को अवगत कराया। साथ ही मंझनपुर कोतवाली पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। एआरटीओ दफ्तर में चोरी होने की सूचना लगते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही एआरटीओ केडी सिंह, कैशियर राजेश श्रीवास्तव और चौकीदार से पूछताछ की। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि कैशियर राजेश श्रीवास्तव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की तफ्तीश की जा रही है।