बारा
(कौशाम्बी)। बहन से मिलकर घर लौट रहा बाइक सवार युवक साइकिल सवार को बचाने
के चक्कर में अपनी जान गवां दी। कौशाम्बी थाने के मढी गांव के समीप
बृहस्पतिवार शाम हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के
बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम
मचा है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के दियाउपहार गांव निवासी अभय उर्फ सोनू
(20) पुत्र बच्चालाल बृहस्पतिवार की सुबह बहन के घर कौशाम्बी थाने के
बेहनपुरवा गांव गया था। शाम वह घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि मढ़ी
गांव के समीप जैसे वह पहुंचा तभी एक साइकिल सवार व्यक्ति सड़क पार कर रहा
था। साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर
सड़क किनारे पलट गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख
मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची
पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराए जाने के बाद हादसे की जानकारी परिजनों को
दी। रोते-बिलखते घर परिवार के लोग घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने शव
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के घर परिवार के साथ बहन का
रो-रोकर हाल बेहाल है।