पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। महेवाघाट थाने के हिनौता बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो दंपती को कुचलते हुए पलट गई। इसमें दंपती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथ रही भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा देख मौके पर जमा लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। बवाल की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ घटनास्थल रक पहुंचे। किसी तरह उग्र लोगों को शांत कराते हुए अफसरों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में हुई दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के हिनौता गांव का बद्री प्रसाद (55) बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी डेसिया देवी (50) और भतीजी पुष्पा देवी (17) के साथ स्थानीय बाजार स्थित सहज जन सेवा केन्द्र गया था। कार्य में देरी होती देख तीनों सड़क किनारे बैठ कर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान राजापुर की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो सड़क पर खड़े ट्रक को ओवर टेक करते समय दंपती को कुचलते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथ रही भतीजी पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद बोलेरो चालक और सवारी मौके से भाग निकले। हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दंपती की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रख महेवाघाट-मूरतगंज मार्ग जाम कर दिया। बवाल की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय, सीओ सिटी पुर्णेन्दु सिंह कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अफसरों ने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। जख्मी युवती को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सड़क हादसे में हुई दंपती की मौत का जिम्मेदार हिनौता चौकी प्रभारी को बताते हुए मृतक के परिजनों के साथ महिलाओं का गुस्सा दोपहर बाद फूट पड़ा। लाठी-डंडे के साथ महिलाएं सड़क पर जमा हो र्गइं। घटनास्थल पर मौजूद पीएसी के जवानों ने किसी तरह महिलाओं को शांत कराया। मृत दंपती के बेटे रामराखन ने हादसे का जिम्मेदार चौकी प्रभारी हिनौता को ठहराया है। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय ने बताया कि घटना की तफ्तीश कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।