पश्चिमशरीरा। एक युवक ने रिश्ते को कलंकित कर दिया। इसने रिश्ते में भतीजी लगने वाली किशोरी से ही दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं घटना की शिकायत करने थाने जा रहे पीड़िता के पिता को भी रास्ते में भाइयों के साथ मिलकर पीटा। इससे जख्मी अधेड़ ने बेटी के साथ थाने जाकर घटना की नामजद तहरीर दी। वहीं पिटाई से जख्मी अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी है।
पश्चिमशरीरा इलाके के एक गांव की रहने वाली करीब 14 साल की एक लड़की मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर के सामने बैठी थी। इसी बीच रिश्ते में चाचा लगने वाला युवक वहां पहुंचा। उसे बहाने से अपने घर ले गया। जब तक वह कुछ समझ पाती। इससे पहले ही युवक ने दरवाजा बंद कर लिया। पीड़िता ने बताया कि मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मनमानी करने के बाद कहीं भी शिकायत करने या परिजनों को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। चाचा के चंगुल से छूटी किशोरी रोते हुए अपने घर पहुंची।
आपबीती परिजनों को बताई। बेटी के साथ हुई घटना सुनकर घरवाले सन्न रह गए। चचेरे भाई की करतूत की शिकायत पुलिस से करने के लिए पिता बेटी को लेकर थाने जाने लगा। इसकी कहीं से जानकारी आरोपी को हो गई। इसने अपने भाइयों के साथ मिलकर रास्ते में अधेड़ की पिटाई कर दी। शोर पर ग्रामीणों को आते देख हमलावर साथियों के साथ धमकी देते हुए भाग निकला। वहीं पिटाई से जख्मी अधेड़ बेटी के साथ पश्चिमशरीरा थाने पहुंचा और चचेरे भाई की करतूत से पुलिस को अवगत कराया। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार और उसके दो भाइयों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी, लेकिन वह घर में नहीं मिला।